वित्तीय वर्ष 2024-25 में राजकीय व अनुदानित शिक्षण संस्थानों में एससी/एसटी तथा दशमोत्तर योजना के पात्र छात्रों को राज्य सरकार द्वारा निर्गत फ्रीशिप कार्ड के आधार पर निशुल्क प्रवेश दिए जाने को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक।
अक्षय मेल समाचार।
अमेठी। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी निशा अनंत की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2024-25 में राजकीय व अनुदानित शिक्षण संस्थानों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति तथा दशमोत्तर योजना के पात्र छात्रों को राज्य सरकार द्वारा निर्गत फ्रीशिप कार्ड के आधार पर निशुल्क प्रवेश दिए जाने को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी आरके शर्मा ने बताया कि राजकीय एवं अनुदानित शिक्षण संस्थानों में अनुमोदित पाठ्यक्रम में पात्र एवं सही डाटा वाले छात्रों को निशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी, छात्र द्वारा संस्था में प्रवेश लेते ही नियमावली में निर्धारित पात्रता में आने पर छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन करेगा तथा आधार प्रमाणीकरण ई केवाईसी एवं ओटीएस से सत्यापन के उपरांत आवेदन को फाइनल सब्मिट किया जाएगा, संस्था द्वारा आवेदन अग्रसारित करते ही छात्र निशुल्क प्रवेश हेतु अर्ह हो जाएगा तथा उसे निर्धारित प्रारूप पर फ्रीशिप कार्ड छात्रवृत्ति पोर्टल से जनरेट हो जाएगा। उन्होंने बताया कि निशुल्क प्रवेश की सुविधा निजी क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में अनुमान्य नहीं होगी। राजकीय एवं अनुदानित शिक्षण संस्थान में छात्रों को निशुल्क प्रवेश हेतु फ्रीशिप कार्ड निर्धारित प्रारूप पर जनरेट होने के उपरांत विभाग द्वारा छात्र के आधार सीडेड/एनपीसीआई से मैप्ड बैंक खाते में शैक्षिक भत्ता एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि ऑनलाइन अंतरित होने पर संबंधित संस्था को छात्र द्वारा 7 दिन के भीतर शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि जमा करनी होगी। संस्थान में छात्र को निशुल्क प्रवेश मिलने के पश्चात छात्र व संस्थान के मध्य शुल्क जमा करने के संबंध में अनुबंध पत्र निष्पादित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना का पोर्टल 1 जुलाई से प्रारंभ हो गया है, 1 जुलाई से छात्रों के स्तर से रजिस्ट्रेशन हेतु आवेदन की प्रक्रिया पोर्टल के माध्यम से शुरू हो गई है छात्र द्वारा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करते समय जनपद का नाम, शिक्षण संस्थान का नाम, वर्ग, जाति, हाई स्कूल बोर्ड, हाई स्कूल उत्तीर्ण करने का वर्ष तथा निशुल्क प्रवेश हुआ है अथवा नहीं इसके अतिरिक्त छात्र द्वारा अपना नाम, जन्मतिथि, हाई स्कूल अनुक्रमांक, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी व स्वनिर्मित पासवर्ड भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि फ्रीशिप कार्ड के फॉर्म में छात्र द्वारा आय प्रमाण पत्र व जाति प्रमाण पत्र के नंबर भरने पर ई डिस्ट्रिक्ट की साइड से स्वत: ऑनलाइन वेरिफिकेशन हो जाएगा। इसके अतिरिक्त छात्र का नाम एवं जन्मतिथि पर डेमोग्रेफिक ऑथेंटिकेशन भी होगा तदोपरांत फ्रीशिप कार्ड पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है छात्र अथवा छात्रा का जो नाम हाई स्कूल प्रमाण पत्र में अंकित है उसी नाम से आधार कार्ड अपडेट कराया जाना होगा और वही नाम रजिस्ट्रेशन फॉर्म में भरना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने बैठक में योजना से संबंधित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रों की सुविधा हेतु एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए जिससे छात्रों को कोई भी समस्या होने पर उसी नंबर के माध्यम से वार्ता कर अपनी समस्या का समाधान कर सके। उन्होंने कहा की पात्रता के आधार पर छात्रों का प्रवेश लिया जाए किसी छात्र को अनावश्यक परेशान ना किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरके शर्मा, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र पांडे सहित राजकीय व अनुदानित शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ